केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के सिक्योंग पेन्पा शेरिंग ने ०६ जून २०२४ को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को हालिया आम चुनाव में उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित पत्र में सिक्योंग ने चुनावी जीत का श्रेय मोदी के मजबूत नेतृत्व और राष्ट्र की प्रगति के लिए एनडीए की प्रतिबद्धता में भारत के लोगों द्वारा व्यक्त किए गए स्थायी भरोसे और विश्वास को दिया।
सिक्योंग ने दशकों से परम पावन दलाई लामा और तिब्बती समुदाय को दीर्घकालिक समर्थन और आतिथ्य के लिए भारत सरकार और भारतीय जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। पत्र में कहा गया है, ‘भारत ने हमें सम्मानित अतिथि के रूप में उदारतापूर्वक गले लगाया है। हमें सुरक्षित और सुरम्य आवास प्रदान किया है, जहां हम अपनी विशिष्ट संस्कृति, भाषा और विरासत की रक्षा कर सकते हैं।’ पत्र में सिक्योंग नेपरम पावन दलाई लामा और भारत के बीच गहरे संबंधों पर भी प्रकाश डाला है। परम पावन द्वारा खुद को भारतीय परंपरा की संतान के रूप में बार-बार कहे जाने और उनके दार्शनिक विचारों पर प्राचीन नालंदा परंपरा के गहन प्रभाव को स्वीकार करने पर ध्यान दिया गया। सिक्योंग ने पत्र में प्राचीन भारतीय ज्ञान और बुद्धिमत्ता को पुनर्जीवित करने के लिए परम पावन के समर्पण को भी रेखांकित किया और इस सम्मानजनक मिशन में केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा समर्थन दिए जाने को लेकर गहरा आभार व्यक्त किया है। पत्र में सिक्योंग शेरिंग ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत से वर्तमान वैश्विक उथल-पुथल के माहौल में अपने समान विचारधारा वाले देशों के साथ लोकतांत्रिक सहयोग बनाने और बढ़ाने में नेतृत्वकारी भूमिका में आने का आग्रह किया। सिक्योंग ने मोदी को लिखा, जब आप इस ऐतिहासिक तीसरे कार्यकाल में प्रवेश कर रहे हैं, हम इस बात के प्रति अत्यधिक आशावादी हैं कि आपके नेतृत्व में भारत लोकतंत्र, स्वतंत्रता और मानवाधिकारों के मूल्यों को आगे बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान करेगा।’